अपराध

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बुलेट से पटाखे छोड़कर दहशत फैलाने वाले 27 छात्रों के बुलेट सीज

देहरादून: प्रेमनगर के बिधौली, कंडोली व पौंधा क्षेत्र में बेलगाम छात्रों पर पुलिस शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार रात को प्रेमनगर थाना पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग कर बुलेट से पटाखे फोड़कर दहशत फैलाने वाले 27 बुलेट सीज किए। बीते दिनों पौंधा में कई राउंड फायरिंग होने की घटना के बाद एसएसपी अजय सिंह ने थानाध्यक्ष मोहन सिंह को रात के समय अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों से सख्ती से पूछताछ करने के निर्देश जारी किए हैं।

प्रेमनगर क्षेत्र में कुछ समय से मारपीट व गोली चलने की घटनाएं बढ़ी हैं। इसका कारण यह है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में शैक्षणिक संस्थान हैं, और यहां पर बाहरी राज्यों के छात्र पढ़ने के लिए आते हैं। कालेजों के होस्टल में पर्याप्त संख्या में कमरे न होने के चलते वह बाहरी पीजी में रहते हैं। मामूली विवाद होने के चलते वह अपने साथियों को बुला लेते हैं, जिसके कारण गैंगवार शुरू हो जाती है। इससे पहले भी क्षेत्र में मारपीट व फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ रही मारपीट की घटनाओं को देखते हुए गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए बिधौली चौकी को एक वाहन उपलब्ध कराया गया है, जोकि रात भर क्षेत्र में गश्त करेगा। इस दौरान रात को कोई अनावश्यक घूमता हुआ पकड़ा गया तो उससे पूछताछ की जाएगी व उसके स्वजनों को सूचित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button