August 18, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

35 सैकेंड रोई फिर बोली, ‘मम्मी अब सहा नहीं जाता’, हर्रावाला में शिक्षिका ख़ुदकुशी की जांच CBCBI को ट्रांसफर

देहरादून: हर्रावाला क्षेत्र की नवविवाहिता शिक्षिका सृष्टि की आत्महत्या के मामले में पुलिस के हाथ एक वीडियो भी लगा है। 90 सेकेंड का यह वीडियो पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन सकता है। पुलिस के अनुसार सृष्टि ने यह वीडियो आत्महत्या से ठीक पहले अपने मोबाइल फोन में रिकार्ड किया था। वीडियो में उनकी मानसिक पीड़ा साफ झलकती है। पुलिस के मुताबिक वीडियो की शुरुआत के करीब 35 सेकेंड तक सृष्टि कुछ नहीं बोल पातीं। वह लगातार सिसकियां लेती रहती हैं और चेहरे से आंसू पोंछती दिखाई देती हैं। इसके बाद वह खुद को संभालते हुए अपनी मां को संबोधित करते हुए कहती हैं, “सारी मम्मी अब सहा नहीं जाता”

वीडियो में सृष्टि कहती हैं कि वह पिछले करीब छह महीने से लगातार मानसिक पीड़ा झेल रही थीं और अब उनमें इसे सहने की ताकत नहीं बची है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद हुई कई घटनाओं के लिए ससुराल पक्ष उन्हें ही जिम्मेदार ठहराता था। उन्हें बार-बार ‘मनहूस’ और ‘बदनसीब’ कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। वीडियो के अंत में वह कहती हैं कि उनकी सोच कभी नहीं बदल सकती।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह वीडियो जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य है और इसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अन्य साक्ष्यों, गवाहों और जांच के आधार पर ही की जाएगी। इसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर पूरे प्रकरण की सीबीसीआईडी जांच कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने सचिव गृह को मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराने के निर्देश जारी किए हैं।

श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर दी कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी (खत्री) की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सृष्टि टिहरी गढ़वाल के विकासखंड कीर्तिनगर स्थित राजकीय इंटर कालेज रिगोली (मल्ली) में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। सीमा कंडारी ने बताया कि विवाह के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसे मनहूस कहकर अपमानित किया जाता था तथा परिवार में हुई अनिष्ट घटनाओं, ससुर की बीमारी और मृत्यु के लिए भी जिम्मेदार ठहराया जा रहा था। सृष्टि समय-समय पर उत्पीड़न की जानकारी देती थी।

परिजनों का आरोप है कि 29 जुलाई को सृष्टि की हत्या कर दी गई, जिसमें उसके पति, सास, ननद एवं अन्य की भूमिका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डोईवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपी सौरभ पिता की मृत्यु के बाद क्रिया में बैठा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष विवेचना पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। मामला नवविवाहित से जुड़ा है ऐसे में विवेचना सीओ वंदना वर्मा को सौंपी गई है।

About Author