October 17, 2024

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

रामलला के आगमन पर रामभक्ति में रंगी देवभूमि, मैदान से लेकर पहाड़ तक हर्षोल्लास

Spread the love

उत्तराखंड: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान देवभूमि उत्तराखंड में भी भव्य उत्सव मनाया गया। सुबह से ही राजधानी दून से लेकर सभी जिलों का माहौल राममय हो गया। सुबह से शाम तक गुलाल, आतिशबाजी आदि से होली जैसा माहौल रहा तो शाम ढलते ही पटाखों से दून गूंज उठा। घरों में लगी इलेक्ट्रॉनिक झालरें और दीयों से दिवाली-सा उत्सव रहा। वहीं, लोगों ने दीप जलाकर रामलला का स्वागत किया।

देहरादून के घंटाघर में जश्न मनाते लोग

देहरादून में चकराता रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, हनुमान चौक, मोती बाजार , गोपीनाथ मंदिर, टपकेश्वर मंदिर, पृथ्वीनाथ मंदिर ही नहीं पूरे शहर में भव्य उत्सव मनाया गया। हरिद्वार में श्रीगंगा सभा की ओर से हरकी पैड़ी पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दिनभर कई तरह के आयोजन किए गए जिससे पूरा शहर राममय हो गया। शाम को हरकी पैड़ी पर दीप जलाए गए। साथ ही आतिशबाजी की गई। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी गंगा पूजन कर दीपदान किया।

देहरादून के टपकेश्वर में पूजा अर्चना करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। साथ हैं सांसद रमेश पोखरियाल निशंक।

पौड़ी गढ़वाल के पाबौ ब्लाक में भी जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम सिंवाल में दोपहर को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद गांव में भजन कीर्तन आयोजित किए, जोकि देर रात तक चलते रहे। ग्राम प्रधान विनोद गुसांई ने बताया कि गांव में दिन भर धार्मिक कार्यक्रम होने के चलते माहौल भक्तिमय हो गया।

ग्राम सिंवाल में निकाली गई भव्य शोभायात्रा।

इसी तरह ग्राम सभा पिनानी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान राम, लक्ष्मण व सीता की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। शोभायात्रा गांव के अलग-अलग क्षेत्रों में निकली। इस दौरान जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

ग्राम सभा पिनानी में शोभायात्रा में शामिल राम, लक्ष्मण, सीता।

वहीं पिपली चंपेश्वर में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में बच्चों से लेकर बड़ों ने हिस्सा लिया। कलश यात्रा गांव से शुरू होकर अलग-अलग जगह निकली। इस दौरान बालिकाओं व महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर अपने आराध्य भगवान श्री राम के जयकारे लगाए।

ग्राम सभा पिपली चंपेश्वर की ओर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा।

इसी तरह ग्राम ओडागढ़ में भी जश्न का माहौल रहा। सुबह से ही घरों में पूजा अर्चना शुरू हो गई थी। दोपहर को शहर में कलशयात्रा निकाली। इसके बाद युवाओं ने रामभक्ति से संबंधित भजन गाए और ढोल की थाप पर खूब जश्न मनाया गया। सभी जगह रात के समय दीप जलाए गए।

ग्राम सभा ओडागाढ़ में ढोल दमाऊं की थाप पर जश्न मनाते युवा।

About Author