सेहत

Uttarakhand Budget: आयुष्मान योजना का बजट बढ़ा, राज्य में सभी परिवार आएंगे आयुष्मान योजना के दायरे में

देहरादून: सरकार ने आमजन को पांच लाख रुपये तक का फ्री इलाज देने की अटल आयुष्मान योजना का बजट बढ़ा दिया है। पिछले बजट में आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान था जिसे अब 310 करोड़ कर दिया गया है। राज्य में सभी परिवारों को आयुष्मान योजना के दायरे में रखा गया है।

इसके तहत पिछले साल चार लाख से अधिक लोगों ने निशुल्क और कैशलेस इलाज कराया था। अब सरकार ने इस योजना का बजट और बढ़ा दिया है। हालांकि आयुष्मान योजना के तहत पिछले साल का 100 करोड़ रुपये अभी बकाया है। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि आयुष्मान योजना के लिए बजट बढ़ाकर राज्य के आम लोगों के बेहतर इलाज का प्रावधान किया गया है।

बजट में प्रदेश सरकार ने ग्राम पंचायतों का वार्षिक बजट दोगुना कर दिया गया है। साथ ही स्पष्ट कर दिया गया है कि किसी भी ग्राम पंचायत को साल में कम से कम दो लाख रुपए अवश्य मिलेंगे। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की ओर से पेश बजट में जिला पंचायतों का बजट पिछले साल 170.60 करोड़ के मुकाबले इस साल 206.82 करोड़ रखा गया है।

इसी तरह क्षेत्र पंचायत का बजट गत वर्ष के 81.60 करोड़ से बढ़ाकर 96.52 करोड़ कर दिया गया है। बजट आबंटन के मामले में सबसे बड़ा लाभ ग्राम पंचायतों के खाते में आया है। गत वर्ष आम बजट में ग्राम पंचायतों को कुल 108.80 करोड़ रुपए आबंटित किए गए थे, जो इस बजट में 248.18 कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button