नैनीताल : जिले के बेतालघाट थाना में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी पर खनन कारोबारी से अवैध वसूली करने और वाहन सीज कराने की धमकी देकर रिश्वत मांगने का आरोप था। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता सरकारी खनन पट्टे पर आरबीएम (रिवर बेड मैटेरियल) निकालने का कार्य करता है। आरबीएम को स्थानीय स्टोन क्रेशरों तक पहुंचाने के लिए वाहनों का उपयोग किया जाता है। आरोप है कि थाना बेतालघाट में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह लगातार वाहनों को रोकने, चालान करने और वाहन सीज कराने की धमकी देकर परेशान कर रहा था।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी पुलिसकर्मी ने परिवहन कार्य में अनावश्यक बाधाएं खड़ी कर शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की। शिकायत का सत्यापन करने पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी, नैनीताल में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने रविवार 25 मई 2026 को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर थाना कोतवाली खटीमा, उधम सिंह नगर को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में बेतालघाट थाना में तैनात था।
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

More Stories
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल का अपराधियों पर वार, चर्चित हत्याकांड में शूटर की प्रेमिका गिरफ्तार
कैंसर से लेकर हाइपरटेंशन तक सब दवा नकली, STF ने किया भंडाफोड़
JE फैसल खान रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने 50 हजार रुपये के साथ दबोचा