देश विदेश

रजत जयंती पर 10 जांबाज पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक

देहरादून: राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह के अवसर पर 10 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया गया। यह पदक राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अलंकृत किया। पदक पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिधिम अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह, सेनानायक आइआरबी द्वितीय श्वेता चौबे, लक्ष्मण सिंह मुख्य आरक्षी 31वीं वाहिनी पीएसी (सेवानिवृत्त), गणेश सिंह फायर सर्विस चालक नैनीताल, जगत राम पुलिस उपमहानिरीक्षक पुलिस दूरसंचार मुख्यालय, सरिता डोबाल अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना, ऋषिबल्लभ कोठियाल, अपर उप निरीक्षक (सेवानिवृत्त) और एसडीआरएफ के दलनायक (सेवानिवृत्त) हरक सिंह को पदक दिया गया। जबकि उमेश नेगी उपनिरीक्षक जनपद उत्तरकाशी को उत्कृष्ट विवेचना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रेंज रिधिम अग्रवाल।

इसके उपरांत कदम-कदम बढ़ाए धुन पर परेड शुरू हुई। आगे-आगे परेड कमांडर निहारिका तोमर पीछे अलग-अलग वाहिनियों में पीएसी, नागरिक पुलिस, पीएसी, आइआरबी, यातायात, आतंक विरोधी दस्ता, घुड़सवार, पुलिस संचार, फायर ब्रिगेड, सीपीयू, डाग स्क्वायड शामिल रहे। परेड के दौरान बम निरोधक दस्ता व एसडीआरएफ के जवानों के हैरतंगेज कारनामों को देख हर कोई गदगद हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह।

बम निरोधक दस्ता की ओर से एक होटल में आतंकवादी के घुसने और स्टाफ का अपहरण करने की सूचना पर सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इसी तरह एसडीआरएफ के जवानों ने धराली आपदा में बचाव कार्य में अपनाई गई तकनीकी का डेमो दिखाया। इसे देख तालियों की गड़गड़ाहट शुरू हो गई। वहीं मोटरसाइकिल दल द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, खजान दास, दुर्गेश्वर लाल, महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित शासन, पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य महानुभाव उपस्थित थे।

सेनानायक आईआरबी-2nd श्वेता चौबे।

रजत जयंती पदक के प्रतीकात्मक चिन्ह का अनावरण
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस पत्रिका-2025 का विमोचन एवं रजत जयंती पदक के प्रतीकात्मक चिन्ह का अनावरण किया गया। राज्यपाल ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम उत्तराखंड की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मना रहे हैं, यह क्षण हमारे लिए खुशी और आत्म-गौरव के पल हैं। राज्यपाल ने सभी अमर शहीदों, आंदोलनकारियों और जन नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके बलिदान और संघर्ष से यह राज्य अस्तित्व में आया। उन्होंने परेड की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और दूरदर्शी दृष्टिकोण से एक सशक्त और आधुनिक पुलिस बल के रूप में पूरे देश में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button