देवप्रयाग: पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुंडधार के निकट उस समय हुआ जब बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही देवप्रयाग थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK08 BL 0387 (बोलेरो) पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। पुलिस और एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंचकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल अरमान पुत्र अफजल, निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार को रेस्क्यू कर तत्काल बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
दुर्घटना में मृतकों की पहचान अफजाल (49) पुत्र अकबर सूफी, उनकी पत्नी शब्बो (40), पुत्री अन्नाविया (3), पुत्र शादाब (14) तथा गुफरान (34) पुत्र अकबर के रूप में हुई है। सभी मृतक रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अफजाल पौड़ी क्षेत्र में ठेकेदारी का कार्य करते थे। शुक्रवार को वह अपने परिवार के साथ घूमने के लिए पौड़ी की ओर जा रहे थे और स्वयं वाहन चला रहे थे। इसी दौरान कुंडधार के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना से मृतकों के गांव रायपुर जीतपुर में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के पांच सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

More Stories
देहरादून-डोईवाला मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, तीन घायल
दुखद: बहन के साथ पैदल जा रही ग्राफिक एरा की बीटेक की छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत
सड़क सुरक्षा पर डीएम का बड़ा एक्शन, ब्लैक स्पॉट होंगे सुरक्षित; हर माह होगी समीक्षा