अपराध

रेंज कार्यालय पहुंचे थानाध्यक्षों पर भड़के IG, पीड़ितों की शिकायत सुनने के दिये निर्देश

देहरादून: पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचे कुछ थानाध्यक्षों पर आइजी रेंज राजीव स्वरूप बुरी तरह से भड़क गए। उन्होंने तत्काल अपने क्षेत्र में पहुंचकर पुलिसिंग पर जोर देने और पीड़ितों की शिकायत दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी थानाध्यक्ष बिना जरूरी काम के रेंज कार्यालय न पहुंचे। यदि कोई जरूरी काम हो तो एसएसपी से अनुमति लेकर ही रेंज कार्यालय पहुंचे। बिना कार्य के रेंज कार्यालय पहुंचने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।

शुक्रवार को कुछ थानाध्यक्ष आइजी रेंज राजीव स्वरूप से मिलने पहुंचे। इस दौरान वह हरिद्वार से आए कुछ लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। जब वह बाहर निकले तो देखा कि वहां कुछ थानाध्यक्ष बैठे हुए थे। आइजी ने उन्हें कार्यालय पहुंचने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि वह मिलने के लिए आए हैं। इस बात पर आइजी भड़क गए और कहा कि यहां आने के बजाए उन्हें अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। क्षेत्र में पीड़ित थानाध्यक्ष से मिलने के लिए भटकते रहते हैं, जबकि थानाध्यक्ष यहां वहां घूमते रहते हैं।

इस दौरान आइजी ने अपने स्टाफ को निर्देश दिए कि कोई भी एसओ बिना जरूरी काम के मिलने न आएं। यदि किसी थानाध्यक्ष का जरूरी काम है तो वह पहले एसएसपी से अनुमति लेकर आएगी। बिना जरूरी काम के मिलने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सभी थानाध्यक्षों पर निर्देशित किया जाए कि नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों पर गंभीरता से कार्रवाई करें। महिला व बाल अपराध को गंभीरता से लिया जाए और थाने में आने वाले पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button