देहरादून: सहस्रधारा में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हुआ। नहाते समय दिल्ली के तीन कांवड़िये तेज बहाव में बह गए। इनमें दो की मौत हो गई। एक को जिंदा बचा लिया गया। घायल को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि दिल्ली के सुल्लतानपुरी इलाके के निवासी कई कांवड़िये गुरुवार दोपहर सहस्रधारा पहुंचे।

करीब तीन बजे वह वहां नहा रहे थे। इस दौरान सहस्रधारा में बहाव काफी तेज था। नहाते वक्त इनमें एक का पैर फिसला। वह पानी में बहने लगा। दो साथी बचाने को नदी में कूदे। तीनों तेज बहाव में बहने लगे। इनमें एक ने कुछ दूरी पर पत्थर पकड़कर खुद को बचाया। जबकि, दो दूर तक बहते चले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पहले पत्थर के सहारे फंसे युवक को निकाला। उसे गंभीर हालत में कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इसके बाद अन्य दो की तलाश की गई। वह सहस्रधारा से काफी आगे मिले जहां नदी चौड़ी होने पर बहाव हल्का हो जाता है। वहां से अस्पताल भिजवाया गया तो चिकित्सकों ने दोनों की मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त इंदरपाल निवासी सुलतानपुरी दिल्ली और भूपेंद्र सिंह राणा पुत्र लाल सिंह निवासी अमन विहार, सुलतानपुरी दिल्ली के रूप रूप में हुई। घायल की पहचान मनोज निवासी सुलतानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई।

More Stories
बिल्डर की गुंडागर्दी का डीएम ने लिया संज्ञान, गुंडा एक्ट में बुक, जिलाबदर की तैयारी
ऑपरेशन प्रहार: 2.5 करोड़ की धोखाधड़ी में दो आरोपी गिरफ्तार, चम्बा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
एसएसपी ने किए ताबड़तोड़ तबादले, 50 से अधिक निरीक्षक/उप निरीक्षक इधर-उधर