अपराध

नशे में बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, पौड़ी जिले के थलीसैंण की दिल दहला देने वाली घटना

पौड़ी: पौड़ी गढ़वाल के थलीसैण ब्लाक में एक कलियुगी बेटे ने शराब के नशे में मामूली सी बात पर अपनी मां पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मां की हत्या से पहले आरोपी ग्रामीणों से झगड़ा करके आया था और पत्नी की भी पिटाई की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाध्यक्ष थलीसैंण सुनील पंवार ने बताया कि गडकोट के छाछीरों तोक निवासी अनिल ढौंडियाल (32) बीते 25 जुलाई की रात शराब के नशे में घर जा रहा था। इस दाैरान वह ग्रामीण सुरेशानंद के घर गया और उनसे झगड़ने लगा। ग्रामीण ने उसे समझा-बुझाकर घर भेजा। इस बीच उसने ग्रामीण को धमकी दी। सुरेशानंद अपनी बुजुर्ग पत्नी के साथ रहते हैं और आरोपी की धमकी से डरकर उन्होंने हरिद्वार रह रहे बेटों को फोनकर गांव बुला लिया था।

इसके बाद अनिल घर पहुंचा, जहां उसकी अपनी मां रामेश्वरी देवी के साथ दही मथने को लेकर बहस हो गई। वह मां से गाली-गलौज भी करने लगा। मां ने जब उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने गुस्से में डंडे से मां पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। बताया कि बचाव के लिए पत्नी व बेटी आई, तो उसने पत्नी की भी पिटाई कर दी। जिससे पत्नी व बेटी चोटिल हो गए। घायल मां को वह किचन में छोड़ आया। गंभीर रूप से घायल महिला ने दम तोड़ दिया।

चंद घंटों के अंदर आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि मां की हत्या करने वाले आरोपी अनिल ढौंढियाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button