July 28, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

घटना के बारे में जानकारी देते एसएसपी देहरादून अजय सिंह।

देहरादून में पूर्व फौजी व महिला के शव मिलने की गुत्थी सुलझी, हेडलाइट के टुकड़े ने खोला महिला व पुरुष की मौत का राज, आरोपी तक ऐसे पहुंची पुलिस

देहरादून: बीते 26 नवंबर को देहरादून के वसंत विहार में नाले से महिला व पुरुष के शव मिलने के मामले की गुत्थी आखिरकार दून पुलिस ने सुलझा ली है। घटनास्थल पर पड़े एक वाहन की हेडलाइट के टुकड़े से पुलिस आरोपी तक पहुंची। महिला व पूर्व फौजी को लोडर चालक ने दोनों को टक्कर मारी थी और पकड़े जाने के डर से व पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से आरोपित ने शव नाले में डाले दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को परवल रोड के किनारे नाले में एक महिला व पुरुष के शव मिले थे। मृतकों की पहचान हेमलता निवासी पीतांबरपुर वसंत विहार और पूर्व फाैजी संदीप मोहन धस्माना निवासी अंबीवाला वसंत विहार के रूप में हुई। दोनों की काल डिटेल खंगाली गई तो पता चला कि दोनों का आपस में कोई संपर्क नहीं था। वहीं, मृतकों के परिजनों ने भी किसी पर कोई शक व किसी से रंजिश होना नहीं बताया गया।

थानाध्यक्ष महादेव उनियाल व उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास करीब 150 सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया व लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल पर एक वाहन के हेडलाइट का टुकड़ा मिला। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर घटना के समय पर वहां दो वाहन गुजरने की जानकारी मिली। जब दोनों वाहनों के बारे में पता करवाया गया तो उनमें एक वाहन बुलेरो न्यू था। इस वाहन के हेडलाइट चेक की गई तो वह सही पाई गई। दूसरा वाहन सुपर कैरी लोडर दुग्ध कंपनी का था। वाहन चालक का नाम शाहरुख पता चला, जो क्षेत्र में दूध सप्लाई करता था। जब पुलिस ने उससे संपर्क किया तो वह अपनी लोकेशन अलग-अलग जगह बताने लगा। इसी पर पुलिस को शक हुआ और उसे हरबंसवाला टी स्टेट के पास से पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम शाहरुख निवासी ग्राम रसूलपुर बेहट रोड सहारनपुर बताया। घटना के बारे में जब पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसकी बाईं तरफ की हेडलाइट खराब पडी हुई थी। घटना की सुबह करीब साढ़े पांच बजे अंधेरा होने के चलते पैदल जा रहे एक महिला व पुरुष को टक्कर लग गई। महिला नाली में गिर गई जबकि पुरुष सड़क किनारे गिर गया। पकड़े जाने के डर से उसने व्यक्ति के शव को भी महिला के साथ नाली में फेंक दिया और घटनास्थल से फरार हो गया।

About Author