सड़क हादसा

दर्दनाक हादसा: यहां पर्यटकों से भरी बस खाई में गिरी, एक किशोर की मौत, बस में 32 लोग थे सवार, एसडीआरएफ व पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पड़ते नलिनी क्षेत्र में पर्यटकों से भरी बस गहरी खाई में गिर गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से घायल यात्रियों को बाहर निकालने में जुटी हुई है। दुर्घटना में करीब 12 वर्ष के एक किशोर की मौत की पुष्टि हुई है। यात्रियों के अनुसार बस में 32 लोग सवार थे। इसमें से 25 लोगों को निकाल कर उपचार को अस्पताल भिजवाया गया है। सूचना मिलने के बाद एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा समेत पूरी टीम रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।

न्यू मानव इंटरनेशनल स्कूल शाहपुर, ग्राम पातन हिसार हरियाणा की बस तीन बच्चों व स्कूल के स्टाफ को लेकर शनिवार को नैनीताल घूमने आई थी। रविवार रात पर्यटक वापस लौट रहे थे। कालाढूंगी रोड पर उनकी बस नलिनी के समीप पहुंची ही थी कि अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस बीच बस सवार कई यात्री छटक कर बाहर भी जा गिरे। राहगीरों ने तत्काल हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मंगोली चौकी पुलिस समेत एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच रेस्क्यू अभियान में जुट गई है।

रेस्क्यू में 25 यात्रियों को निकाल अस्पताल भिजवा दिया गया है। 18 घायल डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंच गए हैं। फिलहाल टीम खाई में सर्च और रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि घायल यात्रियों से पूछताछ में बस में 32 यात्रियों के सवार होने की जानकारी मिली है। फिलहाल खाई में घायलों को तलाशने के साथ ही रेस्क्यू अभियान अभी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button