गजब…. तय दुकान से मोजे न खरीदने पर की छात्र की पिटाई,प्रिंसिपल ने दी टीसी काटने की धमकी

रुद्रपुर : बिगवाड़ा में एक स्कुल टीचर ने निर्धारित दुकान से मोजे न खरीदने पर स्कूल में बच्चे की पिटाई कर उसकी टीसी काटने की धमकी देने का आरोप लगा है। बिगवाड़ा के सुनील रस्तोगी ने कलक्ट्रेट में डीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि उनके तीन बच्चे मॉम्स प्राइड स्कूल में पढ़ते हैं। आरोप है कि स्कूल से निर्धारित दुकान से मोजे न खरीदने पर तीनों बच्चों को कक्षा के बाहर खड़ा किया जा रहा था। इससे नाराज होकर शनिवार सुबह संगीत और कराटे के शिक्षकों ने 7वीं में पढ़ने वाले बेटे अंगद की पिटाई की। उनके बेटे ने कराटे और संगीत के विषय नहीं लिए हैं। शिकायत करने पर प्रधानाचार्य ने टीसी काटकर बाहर करने की बात कही।
पिता की शिकायत पर डीएम ने सीईओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। सीईओ के निर्देश पर बीईओ राजेंद्र सिंह ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए हैं। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार है। इसे सोमवार को सीईओ को सौंपा जाएगा।
वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश दीपक ने आरोप को निराधार बताया है। प्रधानाचार्य ने कहा तीनों बच्चों की छह महीने की फीस जमा नहीं हुई है। बच्चे निर्धारित ड्रेस पहनकर नहीं आते हैं।और बच्चों को टोकने पर उनके पिता ने स्कूल में आकर शिक्षकों से अभद्रता की।
जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने इस मामले में जांच के लिए सीईओ को आदेश कर दिए गए हैं। वह जांच कर रिपोर्ट देंगे।उन्होंनें कहा अगर जांच में स्कूल की लापरवाही उजागर हुई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




