राजनीति

Politics : मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने विदेश जाने से पहले किए 74 कर्मचारियों के तबादले, मुख्यमंत्री ने लगाई रोक

देहरादून: विधानसभा में भर्तियों का मामला अभी थमा नहीं था कि एक और विवाद शुरू हो गया है। उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने जर्मनी की उड़ान भरने से पहले शहरी विकास विभाग में 74 कर्मियों के तबादले कर दिए। रविवार को भनक लगते ही सीएम दफ्तर से इन तबादलों पर रोक लगा दी गई।

शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के अनुमोदन के बाद शनिवार को शहरी विकास विभाग ने नगर निगमों, नगर पालिकाओं में कार्यरत कर एवं राजस्व अधीक्षक, अधिशासी अधिकारी, कनिष्ठ सहायक से लेकर सफाई निरीक्षक के 74 पदों पर तबादले कर दिए थे। रविवार को मंत्री अग्रवाल ने उधर स्टडी टूर के लिए जर्मनी की उड़ान भरी तो इधर उनके किए तबादलों पर रोक लगा दी गई। सूत्रों के मुताबिक, तबादलों पर सीएम कार्यालय से रोक लगाई गई है।

हरिद्वार के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है। 74 तबादलों की जो सूची शनिवार को जारी हुई थी, इसमें हरिद्वार के कई निकायों में भी कर्मचारियों के तबादले किए गए थे। इस रोक के पीछे एक वजह आचार संहिता को भी माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button