देहरादून: खाद्य विभाग में जिला पूर्ति अधिकारियों (डीएसओ) के तबादलों को लेकर विभागीय मंत्री रेखा आर्या और खाद्य आयुक्त सचिन कुर्वे में ठन गई है। बिना अनुमोदन किए तबादलों को रेखा आर्या ने तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। बुधवार को खाद्य आयुक्त ने छह डीएसओ के तबादले कर दिए थे। इसकी जानकारी मिलने पर मंत्री रेखा आर्या भड़क उठी और तत्काल मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को इसकी जानकारी दी।
इसके साथ ही मुख्य सचिव डा. एसएस संधु को नाराजगी भरा पत्र भेजते हुए खाद्य आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। कैबिनेट मंत्री रेखा ने खाद्य आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल पत्रावली तलब करने के भी निर्देश दिए।मंत्री और खाद्य आयुक्त के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई है। यह पहला मामला नहीं है जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का अपने विभाग के अफसरों के साथ विवाद की स्थिति पैदा हुई है। इससे पहले भी कई विभागों में ऐसी स्थिति पैदा हो चुकी है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खाद्य आयुक्त सचिन कुर्वे ने जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन के अनिवार्य अवकाश के साथ ही छह डीएसओ के ट्रांसफर बिना अनुमोदन कर रूल ऑफ बिज़नेस का उल्लंघन किया है। यह सभी आदेश निरस्त कर दिए गए हैं। इस आदेश में ऐसा क्या निजी स्वार्थ रहा कि कमेटी की बैठक कराने से लेकर आदेश निर्गत कर जिलाधिकारियों को भेजने तक में महज डेढ़ घंटे का समय लगा। इस मामले में मुख्य सचिव को पत्र लिखकर खाद्य आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री को भी इस प्रकरण से अवगत कराया गया है।

More Stories
एसएसपी व एसपी के ट्रांसफर, परमेंद्र डोबाल देहरादून के नए एसएसपी
कैबिनेट : उत्तराखण्ड ग्रीन हाइड्रोजन नीति-2026 को मंजूरी, 08 प्रमुख प्रस्तावों पर लगी मुहर
शासन ने किए 18 IAS व 11 PCS समेत 30 अधिकारियों के तबादले, देखें सूची