October 5, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

कुमाऊं दौरे पर UPCL के MD पीसी ध्यानी, उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए

हल्द्वानी: यूपीसीएल एवं पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कुमाऊं क्षेत्र के व्यापक दौरे के दौरान काशीपुर, हल्द्वानी एवं खटीमा में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, राजस्व वसूली, टीएंडडी लासेस, विद्युत चोरी की रोकथाम तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के साथ-साथ निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत काशीपुर से हुई, जहां प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने अधिकारियों के साथ राजस्व वसूली, टीएंडडी लासेस, विद्युत चोरी की रोकथाम तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही उन्होंने विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा लाइन लॉस को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कम करने के लिए फील्ड स्तर पर सतत् निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होने विभागीय कार्यों में अनावश्यक विलम्ब को गंभीरता से लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

काशीपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रबंध निदेशक ने स्मार्ट मीटर को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं एवं भ्रांतियों पर स्थिति स्पष्ट की। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन पर अपनी विद्युत खपत एवं रीडिंग की निगरानी कर सकते हैं और अपनी खपत के अनुरूप विद्युत उपयोग को नियंत्रित कर बचत कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर उपभोक्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की बात भ्रामक है। उत्तराखंड में अब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर किसी उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। काशीपुर के बाद प्रबंध निदेशक शुक्रवार देर रात हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने नैनीताल एवं रामनगर खंडों की विद्युत व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक देर रात लगभग 1:30 बजे तक चली।

इसके उपरांत शनिवार को हल्द्वानी में रानीखेत, अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं हल्द्वानी मंडलों की मैराथन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुमाऊं क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लाइन लॉस में कमी, राजस्व संग्रहण, विद्युत चोरी की रोकथाम, उपभोक्ता सेवाओं तथा विभिन्न योजनाओं के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए एमडी ध्यानी ने लाइन एवं विद्युत तंत्र का आवश्यक मेंटेनेंस समय से पूर्ण करने, खराब पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा करंट लीकेज जैसी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी की जाएं तथा मेंटेनेंस कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उपभोक्ता सेवाओं की समीक्षा करते हुए प्रबंध निदेशक ने सही एवं समय पर बिल उपलब्ध कराने, नए विद्युत कनेक्शन शीघ्र जारी करने तथा आरडीएसएस के अंतर्गत स्मार्ट मीटर स्थापना में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सेवा वितरण में जवाबदेही बढ़ाने को कहा। विद्युत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और भविष्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बताया कि नए विद्युत संयंत्रों एवं आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से लगभग 9,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य केवल प्रगति की जानकारी लेना नहीं. बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों की उपस्थिति, कार्य के प्रति गभीरता और समयबद्ध निष्पादन को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। दौरे के अंतिम चरण में एमडी पीसी ध्यानी ने खटीमा में आयोजित उत्तराखंड आदि रंगोत्सव महोत्सव-2026 के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भ्रमण एवं निरीक्षण किया तथा आयोजन स्थल पर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया।

About Author