देहरादून। एमबीबीएस फर्जीवाड़े के बाद गुरुवार को जिला प्रशासन ने जन सेवा केंद्रों पर अनियमितताओं की शिकायतों को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर उप जिलाधिकारी देहरादून के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने विभिन्न जन सेवा केंद्रों पर छापेमारी की। जांच के दौरान कमियां और अनियमितताएं मिलने पर चार केंद्रों को मौके पर ही सील कर दिया गया। इसके अलावा कई केंद्रों से कंप्यूटर और लैपटॉप भी प्रशासन ने अपनी अभिरक्षा में लिए हैं।
औचक निरीक्षण के दौरान शादमान के केंद्र पर अनियमितताएं मिलने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसी तरह हनी रमन के केंद्र पर भी कार्रवाई करते हुए उसे सील किया गया। करन वर्मा और प्राची कौशिक के जन सेवा केंद्रों में भी जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर दोनों केंद्रों को सील कर दिया गया।
कई केंद्रों से कंप्यूटर-लैपटॉप कब्जे में
जांच के दौरान तहसीलदार सदर ने शादमान, पूनम खन्ना और करन वर्मा के केंद्रों से CPU अपनी अभिरक्षा में लिए। वहीं पारुल बंसल और प्राची कौशिक के केंद्रों से लैपटॉप भी प्रशासन ने अभिरक्षा में लिए हैं। प्रशासन की ओर से इन उपकरणों को जांच की प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया गया है।
एक केंद्र की आईडी निरस्त करने की संस्तुति
निरीक्षण के दौरान पवन फर्स्वाण के केंद्र पर पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए उसकी CSC ID निरस्त करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। वहीं पूनम खन्ना के केंद्र पर मिली कमियों के संबंध में उन्हें कड़ी चेतावनी जारी की गई है। पारुल बंसल के केंद्र से अनियमितता मिलने पर लैपटॉप अभिरक्षा में लिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन सेवा केंद्रों का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं और सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराना है। ऐसे में केंद्र संचालकों के लिए निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है। जिला प्रशासन ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े केंद्रों पर लापरवाही, अनियमितता या अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

More Stories
भारी बारिश के अलर्ट के बीच देहरादून में 18 अगस्त को स्कूलों में अवकाश
जिला अस्पताल (कोरोनेशन) के घटते राजस्व की होगी जांच, डीएम ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
अवैध रूप से बनाई मजार पर चला बुलडोजर, सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण