September 20, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

रुड़की में दो बहनों की गोली मारकर हत्या, घटना के बाद फैली सनसनी

रुड़की : मंगलवार रात करीब 15 मिनट के अंदर ही दो बहनों की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। दोनों वारदातें अलग-अलग स्थानों पर हुईं। एक घटना सेक्टर रोड क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में हुई। लगातार हुई गोलीबारी की घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार प्रीत विहार निवासी संगीता ई-रिक्शा से सेक्टर रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक बदमाश ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि पहली घटना के करीब 10 से 15 मिनट बाद गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में दूसरी वारदात हुई। यहां रहने वाली संगीता की बहन पुष्पा और उसका पति घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान एक बदमाश ने दोनों पर गोली चला दी। गोली लगने से पुष्पा की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों हत्याओं के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार हुई दो हत्याओं से रुड़की में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

About Author