August 19, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

वसंत विहार में पुलिस व बदमाश के बीच मुठभेड़, चेन स्नैचर के पैर में लगी गोली

देहरादून। वसंत विहार क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में स्कूटी सवार बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे उच्च उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के अनुसार, वसंत विहार थानाध्यक्ष शेंकी कुमार पुलिस टीम के साथ हरबंसवाला बैरियर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे । इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पीछा करने के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश के उपचार की जानकारी भी ली। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वसंत विहार थाने में कई मुकदमें दर्ज हैं और वह 14 अगस्त को वसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी तथा चेन स्नैचिंग में लूटी गई चेन बरामद की है। स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किया जाना बताया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

About Author