लगातार बारिश के बीच मलबे में फंसे एक ही परिवार के सदस्यों को सुरक्षित निकाला, दिल्ली जा रहे थे सभी यात्री
पौड़ी। लगातार हो रही बारिश के बीच सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मार्ग से गुजर रही एक इनोवा कार पर अचानक पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिर पड़े, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक सहित सभी छह यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

थाना सतपुली से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचते ही टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे के बावजूद जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत की सांस दिलाई।

जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जो थैलीसैंण से दिल्ली जा रहे थे। यात्रियों में संपत्ति देवी (68), दिलबर सिंह (46), करिश्मा नेगी (36), ओजस नेगी (8), प्रशांत नेगी (13) तथा वाहन चालक शामिल थे। समय रहते रेस्क्यू अभियान शुरू होने से सभी सुरक्षित बच गए। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मार्ग को सुरक्षित बनाने की कार्रवाई भी की।
SDRF की अपील—बिना जरूरत पहाड़ी यात्रा से बचें
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि राज्य के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा के दौरान मौसम विभाग व प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने कहा कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या एसडीआरएफ को सूचना दें।

More Stories
सहस्त्रधारा में फोटो खिंचवाते समय नदी के तेज बहाव में बही युवती, अस्पताल में हुई मौत
मुठभेड़ में सहारनपुर के गैंगस्टर को लगी गोली, गोकसी व जानलेवा हमले में था फरार
दून में हाथी के हमले में रेस्टोरेंट संचालिका की मौत, घर जाते समय हाथी ने किया हमला