देहरादून: सहसपुर स्थित बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता की हत्या के मामले के बाद तनावपूर्ण माहौल हो गया। दून पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं अपराधियों के घरों में बुल्डोजर चलाया गया, प्रदर्शनकारियों ने घरों में आग लगा दी।

13 जून 2026 की शाम सहसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था और पिछले दो-तीन दिनों से खेतों में पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी हो रही थी। शनिवार शाम विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष के कई लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया।
घटना में अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पुत्रगण भगवत प्रसाद के साथ मारपीट की गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए लेहमन अस्पताल ले जाया गया, जहां विनोद कुमार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह भाजपा से जुड़े हुए थे। विनोद की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में 12 आरोपियों के खिलाफ नामजद व 40 अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। नामजद आरोपियों में रज्जाक, अमन, यूनूस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान और इंतेजार शामिल हैं।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों रज्जाक पुत्र मासूम, सलमान पुत्र यूनुस, जावेद पुत्र मासूम और शहबाज पुत्र शहीद को गिरफ्तार कर लिया। सभी गिरफ्तार आरोपी बैरागीवाला गांव के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
एसएसपी देहरादून ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस न केवल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करेगी, बल्कि न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का भी प्रयास करेगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

More Stories
उरेडा के परियोजना अधिकारी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा
एक और पेपर लीक: सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, वाट्सएप पर छात्रों को भेजे सवाल
राजधानी में फिर बेलगाम अपराध: दून में युवक की गला रेतकर हत्या, विकासनगर में फायरिंग से एक की मौत