अपराध

रिश्तों में आई दरार का दर्दनाक अंजाम, महिला के स्टेट्स ने बयां किया दर्द

विकासनगर: प्रेमविवाह कर सात जन्मों तक साथ जीने मरने वाले जोड़े की प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। पति से अनबन के चलते महिला अपने दो बच्चों के साथ विकासनगर स्थित शक्ति नहर में कूद गई। बच्चो को तो बचा लिया गया लेकिन महिला लापता हो गई, जिसका शव एसडीआरएफ ने सघन सर्च अभियान के बाद बरामद कर लिया। महिला की पहचान किरण (28) पत्नी धीरज चंदेल निवासी ग्राम जाखन विनरहार, हाल निवासी मंडी चौक विकासनगर के रूप में हुई है। शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

16 मई 2026 को चौकी डाकपत्थर पुलिस को सूचना मिली थी कि पुल नंबर-01 के समीप एक महिला अपने दो बच्चों के साथ शक्ति नहर में कूद गई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन महिला नहर के तेज बहाव में बह गई और लापता हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस व अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर नहर किनारे संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया। रविवार को भी एसडीआरएफ द्वारा शक्ति नहर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान जारी रखा गया। घंटों की कड़ी मशक्कत और सूक्ष्म सर्चिंग के बाद टीम ने ढकरानी पावर हाउस के समीप महिला का शव बरामद कर लिया।

स्टेट्स से खुला अनबन का राज

पुलिस के अनुसार महिला ने नहर में कूदने से पहले अपने मोबाइल स्टेट्स पर मैसेज लिखा था कि उसने गलत आदमी से शादी कर ली। हालांकि ताजा विवाद क्या था, इसकी जानकारी पति से पूछताछ के बाद ही मिल पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button