May 16, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

महाराष्ट्र की नंबर की कार से पकड़ा गया नोटों का जखीरा, तीन हिरासत में

देहरादून: दून पुलिस ने चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र की एक कार से 1.55 करोड़ की धनराशि पकड़ी है। पुलिस ने कार में सवार तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। कार सवार भी इतनी बड़ी रकम के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए हैं। पुलिस ने इस मामले में आयकर विभाग को भी सूचना दी तो विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीनों से पूछताछ शुरू कर दी है। अब तक धनराशि को हवाला का माना जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि कैंट कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर महाराष्ट्र नंबर का एक वाहन MH12XT 3245 स्कार्पियो एन को चेकिंग के लिए रोका गया। वाहन सवार व्यक्तियों की पहचान सतीश भाई निवासी तालुका विसनागर, जिला मेहसाणा, गुजरात, ठाकुर जसवंत संघ बनाजी निवासी ग्राम सेधा तालुका चणसमा थाना चणसमा जिला पाटन गुजरात व सचिन पटेल निवासी ग्राम दीनप थाना विसनागर गुजरात के रूप में हुई।वाहन से संबंधित दस्तावेज मांगने पर वाहन चालक इधर उधर की बातें करने लगा। संदिग्धता प्रतीत होने पर पुलिस ने वाहन चालक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी होने की बात बताई जोकि उसने वाहन के बीच व पिछली सीट के बीच बने एक सीक्रेट केबिन में छुपा रखी थी। वाहन में काफी अधिक मात्रा में नकदी होने की सूचना पर उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद आयकर विभाग को सूचित किया गया।

सूचना पर तत्काल सीओ सिटी व आयकर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिनकी मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में बने सीक्रेट केबिन से 1.55 करोड़ रुपये की नकद धनराशि प्राप्त हुई, जिसे कब्जे में लिया गया। पूछताछ में बरामद धनराशि के संबंध में वाहन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। मौके पर पुलिस ने वाहन सवार व्यक्तियों से बरामद धनराशि के संबंध में जानकारी की गई तो वाहन चालक ने बताया कि धनराशि को वह बनारस से लेकर आया था, जिसे उसे उनके साथ वाहन में बैठे जसवंत को देना था।

About Author