अपराध

हाईटेक नकल गिरोह का सरगना दबोचा, ग्रेड पे के हिसाब से वसूलता था रकम

देहरादून: हाईटेक नकल गिरोह के सरगना को उत्तराखंड एसटीएफ ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। नकल गिरोह के दो सदस्यों को एसटीएफ पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है जबकि गिरोह का सरगना शुभम भटनागर निवासी विजयनगर थाना कुतुबशेर जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश तब से फरार चल रहा था।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 13 फरवरी को एसएससी की ओर से महादेवी कन्या पाठशाला में महादेव डिजिटल लैब में मल्टीटास्किग (नान टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार आनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान रिमोट एक्सेस संसाधनों का उपयोग कर परीक्षा में नकल कराए जाने के संबंध में 14 फरवरी को नकल विरोधी कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रकरण की विवेचना एसटीएफ कर रही है।

जांच में पता चला कि परीक्षा लैब के पास बने यूपीएस रूम में भूमिगत चैंबर तैयार करके रिमोट एक्सेस के माध्यम से इलेक्ट्रानिक उपकरणों का प्रयोग कर अभ्यार्थियों को लाभ पहुंचाया जा रहा था। इस मामले में मौके पर लैब एवं एक्सेस पार्ट को सील करते हुए आरोपी नितिश कुमार व भास्कर नैथानी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया जबकि गिरोह का सरगना शुभम भटनागर फरार हो गया। तब से एसटीएफ फरार चल रहे आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी, जिसे सोमवार को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया।

अब तक हुई जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना शुभम भटनागर परीक्षा में पास कराने का प्रलोभन देकर प्रत्येक अभ्यर्थी से चयन होने पर संबंधित पद के ग्रेड पे के हिसाब रकम वसूलता था। शुभम से पुछताछ में कुछ अहम जानकारियां मिली हैं। इस संबंध में एसटीएफ लगातार जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button