देहरादून: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देहरादून दौरे से ठीक पहले देहरादून में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी गतिविधियों में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी थाना प्रेमनगर क्षेत्र से की गई, जहां आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत कश्यप (29) निवासी झाझरा, प्रेमनगर के रूप में हुई है।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार आरोपी के तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन “अल बर्क ब्रिगेड” के आतंकी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा से जुड़े हुए थे। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए इनके संपर्क में था और उनके निर्देशों पर काम कर रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी देहरादून के महत्वपूर्ण सरकारी और सैन्य संस्थानों की लोकेशन और वीडियो फुटेज पाकिस्तान भेज रहा था। इसमें आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय और अन्य संवेदनशील स्थान शामिल हैं। इसके अलावा उसे इन स्थानों को निशाना बनाने के लिए उकसाया गया था।

एसटीएफ ने खुलासा किया कि आरोपी को “तहरीक-ए-तालिबान-हिंदुस्तान (TTH)” नामक संगठन के विस्तार के लिए भी इस्तेमाल किया जा रहा था। उसे शहर के विभिन्न स्थानों पर इस नाम की ग्राफिटी करने और वीडियो बनाकर भेजने के निर्देश दिए गए थे, जिससे लोगों में दहशत फैलाई जा सके। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने सेलाकुई, अडवाणी पुल और झाझरा क्षेत्र में कई जगह स्प्रे पेंट से TTH लिखा और उसकी वीडियो बनाकर अपने पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजी।
इतना ही नहीं, आरोपी को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के एक अधिवक्ता पर हैंड ग्रेनेड फेंकने जैसे खतरनाक टास्क भी दिए गए थे। इसके बदले उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और अच्छी रकम देने का लालच दिया गया था।
गायक सिद्धु मुसेवाला की हत्या से था आक्रोशित
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से आक्रोशित था और इसी भावना में आकर वह सोशल मीडिया के जरिए आतंकी तत्वों के संपर्क में आ गया। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि एजेंसियां लगातार सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को गुमराह कर स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल करने की साजिशों पर नजर रख रही हैं। आरोपी के मोबाइल से कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

More Stories
बडोवाला में बैंककर्मी पर दबंगों ने झोंका फायर, गोली कर्मी के पेट को छूकर निकली
रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में ED की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नवीन मित्तल को दबोचा
फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का पर्दाफाश, STF ने गन हाउस के मालिक को किया गिरफ्तार