अपराध

25 हजार रुपये घूस लेता फॉरेस्टर गिरफ्तार, रेंजर पर भी गिरेगी गाज

हल्द्वानी: हल्द्वानी स्थित सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वन कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दिनांक 28 मार्च 2026 को पंजीकृत मुकदमा संख्या 03/2026, धारा 07 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार अभियुक्त नवीन नौटियाल जो वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फॉरेस्टर के पद पर तैनात था और वर्तमान में फॉरेस्ट क्वार्टर चौकी पनुवानौला में रह रहा था, को शिकायतकर्ता जय प्रकाश से 25,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी यह रिश्वत लीसा गडान ढुलान कार्य के लिए वर्ष 2026 में पंजीकरण नवीनीकरण तथा लंबित बिलों के भुगतान के एवज में मांग रहा था।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस प्रकरण में वन क्षेत्राधिकारी (फॉरेस्ट रेंजर) जागेश्वर, आशुतोष जोशी का नाम भी सामने आया है, जिन्हें सह-अभियुक्त बनाया गया है। उनके खिलाफ भी नियमानुसार जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और सतर्कता विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button