February 21, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

भाजपा विधायक की मौजूदगी में शिक्षा निदेशक पर हमला, कमरा बंद करके पीटा, वीडियो

देहरादून: देहरादून स्थित ननुरखेड़ा शिक्षा निदेशालय में भाजपा विधायक उमेश काऊ की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक की पिटाई कर दी। इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। अशासकीय विद्यालयों से जुड़े विवाद को लेकर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। इस हमले में निदेशक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, अशासकीय विद्यालय प्रबंधन से जुड़े कुछ सदस्य अपनी मांगों को लेकर शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। इसी दौरान निदेशालय के कार्मिकों और प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते तीखे विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हमला कर दिया।

घटना के समय उमेश शर्मा काऊ भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे ही अशासकीय विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे। हमले के बाद घायल निदेशक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सरकारी अधिकारी और कर्मचारी इस तरह की घटना को लेकर आक्रोशित हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

About Author