February 10, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

नशेड़ी बन रहे खतरा, युवती के हाथ पर आरी से हमलाकर मोबाइल लूटा, पहुंचा सलाखों के पीछे

देहरादून: नशेड़ी नशे की पूर्ति के लिए किसी भी हद तक गुजरने को तैयार हैं। स्कूटी सवारों ने वसंत विहार क्षेत्र में युवती के हाथ पर लोहे की आरी से हमला कर उससे मोबाइल लूट लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान फैजल निवासी प्रिंस चौक के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में सुमन सैनी निवासी जनकपुरी नयां गांव बिहार ने बताया कि वह घरों में काम करती है।

छह फरवरी की शाम को वह इंजीनियर्स एन्क्लेव स्थित एक घर पर काम करने के लिए जा रही थी। स्कूटी पर सवार लड़के कालोनी में घूम रहे थे। उन्होंने किसी का पता पूछा, तो उसने कहा कि मालूम नहीं है। फिर वह आपस में बोलने लगे कि आंटी ने यहीं का तो पता दिया था। वह स्कूटी खड़ी करते वहां पर रुके। युवती ने बताया कि जैसे ही वह घर के गेट में घुसने वाली थी, तो एक लड़का स्कुटी स्टार्ट करके खड़ा रहा और दूसरा उसके पीछे दौडकर आया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह गेट के अंदर घुसने वाली थी तो आरोपित ने झपट्टा मारकर उसे गेट से बाहर खींच दिया। आरोपी के हाथ में लोहे की आरी थी और उसने हाथ से फोन छीन लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके हाथ पर आरी से वार किया और फोन लेकर भाग गया। इससे उसका हाथ में आरी से कट गया व खून बहने लगा।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने थानाध्यक्ष वंसत विहार अशोक राठौर को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने रविवार देर शाम शास्त्रीनगर खाला जाने वाले रास्ते पर ट्रांसफार्मर के पास स्कूटी चालक फैजल को रोककर पूछताछ की तो उसने बताया कि 6 फरवरी 26 को वह स्कूटी से अपने दोस्त मनीष उर्फ काली निवासी अमृत विहार पटेल नगर के साथ बसंत विहार चकराता रोड पर घूम रहे थे। वसंत विहार क्षेत्र से शाम के समय हमारे द्वारा एक लड़की जो अकेले जा रही थी उससे साथ मारपीट कर उसका मोबाइल छीन कर भाग गए। फैजल के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है तथा उसका दोस्त मनीष उर्फ काली निवासी अमृत विहार पटेल नगर भी नशे का आदी है। दोनों नशे की पूर्ति एवं शानो शौकत के लिए वह सुनसान स्थान पर अकेले महिला या लड़की से जो फोन पर बात करते हुए जाते हैं किसी को फोन करने का बहाना बनाकर फोन छीनकर भाग जाते हैं और सस्ते दामों में बेच देते हैं।

About Author