युवती व आरोपी एक दूसरे को पिछले तीन साल से जानते थे। युवती ने बात करनी बंद की तो आरोपी ने यह ख़ौफ़नाक कदम उठाया
देहरादून: देहरादूनदून के सबसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्र मच्छी बाजार में सिरफिरे व्यक्ति ने युवती के गले पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी। युवती व आरोपी लंबे समय से एक दूसरे को जानते थे। इसी
बीच में युवती ने आरोपी से बात करनी बंद कर दी तो आरोपी लगातार युवती का पीछा करता रहा और जान से मारने की धमकी देने लगा। इस मामले में युवती ने खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में शिकायत भी दी थी। सोमवार को आरोपित घर से चापड़ लेकर आया और भीड़भाड़ के बीच ही युवती पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी आकाश कुमार निवासी मन्नुगंज खुड़बुड़ा मोहल्ला को गिरफ्तार कर लिया है, उसके पास से घटना में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि खुड़बुड़ा की रहने वाली गुंजन उर्फ गुन्नु व आरोपी आकाश कुमार तीन साल से एक दूसरे को जानते थे। आकाश कुमार मच्छी बाजार में ही एक जूतों की दुकान में काम करता था जबकि गुंजन दूल्हा बाजार में कपड़ों की दुकान में काम करती थी। दूल्हा बाजार में भीड़भाड़ होने के चलते वह अपनी स्कूटी रिश्तेदार के घर पर खड़ी करती थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी स्कूटी खड़ी करने के लिए रिश्तेदार के घर के निकट पहुंची तो इसकी भनक आरोपित आकाश कुमार को लग गई। वह चापड़ लेकर पहुंचा और युवती से बहस करने लगा। अगले ही पल आरोपित ने युवती पर चापड़ से वार किया। पहले वार में युवती ने हाथ आगे किया तो उसकी एक उंगुली कट गई।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने दूसरा वार युवती के गले पर किया, जिसके कारण उसके गले पर गहरा घाव हो गया। शोर मचने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर तत्काल एसएसपी अजय सिंह, एसपी सिटी प्रमोद कुमार व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी आकाश को तत्काल गिरफ्तार करते हुए घटना में इस्तेमाल चापड़ को बरामद कर लिया है।
तीन साल से एक दूसरे के संपर्क में थे दोनों
एसएसपी ने बताया कि युवती व आरोपित एक दूसरे के संपर्क में थे। इसकी जानकारी जब युवती के स्वजनों को मिली तो उन्होंने उसे डांटा, जिसके बाद युवती ने उससे बात करनी बंद कर दी। आकाश कुमार युवती से बात करना चाहता था, लेकिन युवती ने बात करने से इंकार कर दिया। इसी बात से गुस्साए आरोपित ने घटना को अंजाम दिया।

More Stories
दून में एक और कारोबारी की गोली मारकर हत्या, जिम से बाहर आते ही मारी गोली
नशेड़ी बन रहे खतरा, युवती के हाथ पर आरी से हमलाकर मोबाइल लूटा, पहुंचा सलाखों के पीछे
शिक्षा क्षेत्र में शिखा व शशांक ध्यानी ने पाया अहम मुकाम, मिली उपाधि