March 3, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

सोडियम नाइट्रेट, पोटेशियम नाइट्रेट व सल्फर बेचने वाली दुकानों का खंगाला रिकार्ड

देहरादून: दिल्ली में हुए विस्फोट की घटना के बाद दून पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में केमिकल बेचने वाली दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। टीमों ने शहर कोतवाली, ऋषिकेश व विकासनगर में दुकानों की गहनता से जांच की। कुछ दुकानों से रिकार्ड भी कब्जे में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अपने- अपने थाना क्षेत्रों में केमिकल पदार्थों के विक्रय करने वाली दुकानों व गोदामों की आकास्मिक चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के क्रम में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सोडियम नाइट्रेट, पोटेशियम नाइट्रेट व सल्फर की बिक्री करने वाली दुकानों व गोदामों पर आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र में चार दुकानों पर, कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में एक दुकान पर व विकासनगर में केमिकल पदार्थो का विक्रय होने पर पुलिस ने उन्हें चेक किया। चेकिंग में दुकानों में रखे केमिकल के स्टाक और स्टाक व विक्रय रजिस्टरों को चेक कर कैमिकल पदार्थ खरीदने वालों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही सभी दुकानदारों को बिना परिचय पत्र व बिल के उक्त केमिकल पदार्थों को विक्रय न करने की हिदायत दी गई।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जिन व्यक्तियों ने बड़ी मात्रा में केमिकल पदार्थ खरीदा है, उनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पता किया जा रहा है कि उन्होंने किस उद्देश्य से यह केमिकल खरीदा है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि यदि किसी दुकान में गलत ढंग से केमिकल बेचने का मामला आया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

About Author