देहरादून: एमजे होटल मालिक की मर्सिडीज कार चोरी करने वाले दो शातिरों को डालनवाला कोतवाली पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया। शातिरों ने पुलिस से बचने के लिए कार के आगे व पीछे नंबर प्लेट पर अखबार चिपका दिया, ताकि वह कार आराम से बाहर ले जाकर बेच सके। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के 12 घंटे के अंदर कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मोनू व अमन दोनों निवासी कैनाल रोड, राजपुर के रूप में हुई है। इनमें से आरोपित मोनू चोरी के मामले में सात सितंबर को ही जेल से छूटकर आया था।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि एमजे होटल के मालिक मानव जौहर निवासी नेमि रोड डालनवाला ने तहरीर दी कि 11 सितंबर की प्रात: उनके घर के बाहर खड़ी उनकी मर्सिडीज़ कार को अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली। इस मामले में डालनवाला कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना आराघर चौकी प्रभारी सतबीर भंडारी को सौंपी गई। चौकी प्रभारी ने घटनास्थल व उसके आसपास आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करते हुए घटना में शामिल आरोपितों को चोरी की गई मर्सिडीज सहित बुधवार रात को लाडपुर के जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दोनों नशे के आदी हैं तथा अपने नशे की पूर्ति के लिए उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया। रात्रि में चोरी की नीयत से दोनों नेमि रोड स्थित एक मकान में घुसे थे, जहां गार्ड सो रहा था। उन्होंने गार्ड के बगल से मर्सिडीज कार की चाबी उठाई और कार स्टार्ट कर फरार हो गए।

More Stories
हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज,मंच से दी थी गालियां
106 दारोगाओं के ट्रांसफर, कुछ मैदान कुछ चढ़ेंगे पहाड़
पीएम दौरे से पहले दून से पकड़ा गया पाक एजेंट, आतंकियों को भेज रहा था लोकेशन व फ़ोटो