
देहरादून। अधिवक्ता राजेश सूरी की नगर निगम में नियुक्ति संबंधी फाइल गुम होने के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लक्ष्मण सिंह की कोर्ट ने मुकदमे के आदेश दिए हैं। दिवंगत अधिवक्ता की बहन रीता सूरी ने निगम से इन फाइलों की जानकारी आरटीआई के तहत मांगी थीं । लेकिन, कई अपील करने के बाद भी उन्हें नियुक्ति और वेतन संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

नगर निगम की इस हीलाहवाली के खिलाफ रीता सूरी ने पुलिस को भी विभिन्न स्तर पर शिकायत की थी लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। उन्होंने न्यायालय को बताया कि उनके भाई अधिवक्ता राजेश सूरी ने तमाम घोटाले खोले थे। इनमें सरकारी और गैर सरकारी सैकड़ों बीघा जमीन पर कब्जे और उनकी खरीद फरोख्त के मामले थे। अधिवक्ता राजेश सूरी ने वर्ष 2007 में क्लेमेनटाउन थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था। लेकिन, मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण इसमें कोई कार्रवाई नही की गई। उनके भाई को नगर निगम ने बतौर अधिवक्ता नियुक्त किया था।

जब उनकी शिकायतों पर देहरादून में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने हाईकोर्ट में इन मामलों की पैरवी की। इस दौरान 2014 में हाईकोर्ट से लौटते हुए उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में उन्होंने कोतवाली में हत्या का मुकदमा भी दर्ज कराया। अब इन मामलों की पैरवी अधिवक्ता की बहन रीता सूरी कर रही हैं। उन्होंने नगर निगम से 2021 में अपने भाई की नियुक्ति संबंधी जानकारी मांगी थी। लेकिन, उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत वह अपील में भी गईं मगर फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनकी इस शिकायत पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लक्ष्मण सिंह की अदालत ने कोतवाली शहर को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।




