देश विदेश

कांवड़ यात्रा: नीलकंठ में जलाभिषेक को उमड़ा कांवड़ियों का रेला, सड़कों पर उतरे अफसर

ऋषिकेश। सावन के पावन महीने में नीलकंठ महादेव के दर्शनों और जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए ऋषिकेश और नीलकंठ महादेव मंदिर की ओर पहुंच रहे हैं। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

ऋषिकेश से नीलकंठ मार्ग पर कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार सतर्क है। प्रमुख स्थानों, चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों की ओर से यातायात व्यवस्था, कांवड़ियों की आवाजाही और वाहनों के दबाव पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रविवार को ऋषिकेश क्षेत्र में कांवड़ियों का हुजूम नजर आया।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल और विभिन्न साधनों से कांवड़िए नीलकंठ महादेव मंदिर की ओर बढ़ते रहे। बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी कांवड़ियों को निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ाते और यातायात को नियंत्रित करते दिखाई दिए। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल सहित पुलिस अधिकारी सड़कों पर नजर आए।

कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों ने अधीनस्थ कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चेकिंग भी की जा रही है। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन की प्राथमिकता कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के साथ ही स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न होने देना है। इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की तैयारी की गई है।

नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे कांवड़ियों के चलते आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की चुनौती यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की है। अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button