
देहरादून: राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) में तैनात अपर सहायक अभियंता अमित चौहान 12 मई से लापता हैं। उत्तरकाशी का ठेकेदार उन्हें अपने साथ ले गया था, लेकिन वह अब तक वापिस नहीं लौटे। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ ने गुरुवार को अपर महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था एपी अंशुमान से मुलाकात करते हुए उनकी जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की है।
गुरुवार को महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर एसएस चौहान के नेतृत्व में तमाम इंजीनियरों ने एडीजी से मुलाकात की। बताया कि अंजना चौहान पत्नी निवासी, नानक विहार गली नं0 04, देहराखास, देहरादून ने अवगत कराया है कि 12.05.2024 को लगभग सांय 5:00 बजे राजदीप परमार (ठेकेदार) निवासी डुण्डा, उत्तरकाशी उनके घर पर आये और उनके पति इंजीनियर अमित चौहान को अपने साथ यह कहकर ले गये कि ये 01 घण्टे बाद वापस घर आ जायेंगें। तत्पश्चात् लगभग सांय 7:45 पर अंजना चौहान की अपने पति अमित चौहान से अन्तिम बार टेलीफोन पर वार्ता हुई थी उसके पश्चात् से इं० अमित चौहान का फोन बंद चल रहा है।
दिनांक 13.05.2024 को प्रातः अंजना चौहान ने राजदीप परमार से टेलीफोन पर बात की गयी जिसमे राजदीप परमार ने बताया कि अमित चौहान को वह डुण्डा उत्तरकाशी अपने साथ लेकर आये हैं और थोडी देर में वे अमित चौहान की उनसे टेलीफोन पर बात करवा देंगे लेकिन अंजना चौहान की अपने पति अमित चौहान से कोई भी बात नहीं हो पायी है तथा अमित चौहान का अभी तक कोई भी पता नही चल पा रहा है कि वे कहा हैं। इसके अतिरिक्त राजदीप परमार जब अमित चौहान को घर से लेकर गये है तो अमित चौहान घर के कपडे ही पहने हुये थे। इस संबंध में अमित चौहान के पिता ने कोतवाली उत्तरकाशी में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
बताया कि आज लगभग 04 दिन व्यतीत होने के पश्चात् भी उक्त प्रकरण पर कोई सतोषजनक कार्यवाही नही की गयी है जिससे अंजना चौहान एवं इनका पूरा परिवार गहरे तनाव मे है। महासंघ को यह भी आशंका है कि अमित चौहान के साथ कोई अनहोनी घटना घटित न हो गयी हो। किसी ठेकेदार द्वारा अगवा कर अभियन्ता को ले जाने की उत्तराखण्ड में यह पहली घटना है जिससे उत्तराखण्ड के समस्त अभियन्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है। इससे पूर्व वर्ष 2009 में लोनिवि के सहायक अभियन्ता इंजीनियर आनन्द प्रकाश, उत्तरकाशी अपने
निवास से गायब हुये थे जिनका आज तक पता नही चल पाया है। ऐसे में इंजीनियर अमित चौहान का शीघ्रातिशीघ्र पता लगाया जाए अन्यथा की स्थिति में महासंघ आन्दोलन हेतु बाध्य होगा।
प्रतिनिधिमण्डल में इं एस एस चौहान, अध्यक्ष, मुकेश रतूड़ी, महासचिव, अनिल पनवार , चेयरमैन परसूएशन कमेटी, आर सी शर्मा, अध्यक्ष PWD, भरत सिंह dangi, अध्यक्ष सिंचाई, सी डी सैनी, PWD, श्रीमती अंजू चौहान धर्मपत्नी अमित चौहान आदि उपस्थित रहे।




