March 5, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

दहेज के लिए दरिंदगी की हद, नवविवाहित पत्नी का मुंह कंबल से दबाकर की हत्या

देहरादून: दहेज के लोभी पति ने दरिंदगी की सभी हदें पार करते हुए नवविवाहित बीमार पत्नी का मुंह कंबल से दबाकर उसकी हत्या कर दी। मामले में पर्दा डालने के लिए उसने पत्नी को अस्पताल में भी दाखिल कराया। चिकित्सक ने जब उसे मृत घोषित कर दिया है और मामला संवेदनशील देखते हुए पुलिस को सूचना दी तो आरोपित पति मृत पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने आरोपित पति शहबाज आलम सहित सास, ससुर, देवर सहित पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए पति को गिरफ्तार कर लिया है।

रुद्रप्रयाग के अपर बाजार निवासी सलमान आसिफ ने बताया कि उनकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शहवाज आलम निवासी रिस्पना नगर नेहरू कालोनी मूल निवासी ग्राम दिनौड़ा, थाना सोती की नांगल, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश से हुई थी। शादी के बाद से ही उसके पति व अन्य स्वजन उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। तीन अप्रैल की रात उसके ससुराल वाले कहकशा को मृत अवस्था में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद आरोपित पति वहां से फरार हो गया। इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने आरोपित पति सहित पांच के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया। विवाह को मात्र 04 माह ही हुए थे, जिस पर संबंधित मजिस्ट्रेट की ओर से मृतक का पंचायतनामा भरा गया। मृतका के पोस्टमार्टम की कार्रवाई चिकित्सक के पैनल की ओर से की गई और विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी मसूरी के सुपुर्द की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की गई।

गुरुवार को आरोपित पति शहवाज आलम निवासी रिस्पना नगर नेहरू कालोनी, जनपद देहरादून को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसका विवाह उसकी मर्जी के विरुद्ध उसके स्वजनों ने कहकशा से कराया था, जो कम पड़ी लिखी थी। स्वजनों की इज्जत के खातिर उसने शादी के लिए हामी भरी। शादी में कम दहेज लाने के कारण शादी के बाद उसका व उसके स्वजनों का उसकी पत्नी के प्रति व्यवहार बदल गया।

एक सप्ताह पहले बनाई थी रास्ते से हटाने की योजना
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसने ने कहकशा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपित की योजना थी कि कहकशा को मारने के बाद वह दूसरी जगह किसी पढ़ी-लिखी महिला से शादी कर लेगा, जहां से उसे अच्छा खासा दहेज मिल जाएगा। इस बीच कहकशा की तबीयत खराब होने पर उसने उसका इलाज श्री महंत इंदिरेश अस्पताल से करवाना शुरू कर दिया। योजना के मुताबिक आरोपित तीन मार्च को कहकशा को नींद आने का इंतजार करने लगा। जब वह सो गई तो आरोपित ने कंबल से उसका मुंह दबा दिया। दम घुटने के कारण कहकशा की मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपित ने अपने घरवालों को घटना के संबंध में बताते हुए कहकशा को महंत इंदिरेश अस्पताल लेकर गया, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मायका परिवार की आंखों में धूल झोंकने की थी योजना

आरोपित शाहबाज आलम ने कहकशा के मायका परिवार वालों को भी उसकी हालत गंभीर होने तथा उसे इलाज के लिए महंत इंदिरेश अस्पताल लेकर जाने की बात बताई गई थी। उसकी की योजना थी कि कहकशा के स्वजनों व अन्य सभी को वह बीमारी के कारण उसकी मृत्यु होने का विश्वास दिला देगा, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की मृत्यु होने संबंधी पुलिस को सूचना दे दी। इसकी भनक लगने पर वह अस्पताल से फरार हो गया।

About Author