February 22, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

SSP की सख्ती: वनकर्मियों को पीटने वाले 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार

देहरादून: आशारोड़ी रेंज कार्यालय में वनकर्मियों के साथ मारपीट व तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपियों को क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है। अवैध निर्माण कर रहे आरोपियों को जब आशारोड़ी रेंज कार्यालय के कर्मचारियों ने रोका और पूछताछ के लिए उन्हें कार्यालय लेकर आए तो उन्होंने वनकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। कई कर्मियों की वर्दी फाड़ दी और खूब तोड़फोड़ मचाई। इस मामले में क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने शनिवार देर रात तीन के खिलाफ मुकदमा किया था।

वन क्षेत्राधिकारी, आशारोड़ी रेंज रविन्द्र कुमार वेदवाल ने थाना क्लेमेनटाउन थाने में तहरीर दी कि शनिवार को सूचना मिली कि चन्द्रबनी चौयला क्षेत्र में वनभूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए खोदाई कार्य किया जा रहा है। सूचना पर वन विभाग की टीम राजकीय वाहन से मौके पर पहुंची, जहां वैभव गौर नामक व्यक्ति श्रमिकों के साथ खोदाई करवा रहा था। स्टाफ की ओर से भूमि से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह रेंज कार्यालय आया। कार्यालय पहुंचते ही उसने स्टाफ के साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोपियों ने राजकीय अभिलेख फाड़े और कार्यालय में लगा इन्वर्टर तोड़ दिया।महिलाकर्मियों के साथ भी गाली-गलौच और धमकी दी गई। इसी दौरान बाहर से दो वाहनों में सावेज शाह व राखी गौर व अन्य लोग भी कार्यालय में पहुंचे और स्टाफ के साथ मार की व धमकी देने लगे।

आरोपियों ने परिसर में रखे लगभग 10 गमले तोड़ दिए, कार्यालय का शीशा पत्थर से क्षतिग्रस्त किया तथा राजकीय वाहन व अन्य मोटरसाइकिलों को नुकसान पहुंचाया। आरोपियों ने एक वन आरक्षी की वर्दी फाड़ दी और कई कर्मचारियों को चोट पहुंचाई। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस आरोपितों को अपने साथ ले गई। थानाध्यक्ष क्लेमेनटाउन मोहन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर वैभव गौर, शावेज शाह व राखी गौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

एसएसपी परमेंद्र सिंह डोबाल के दिशा निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष मोहन सिंह व उनकी टीम ने आरोपी वैभव गौड़ निवासी चोला चंद्रमणि थाना पटेल नगर देहरादून उम्र 28 वर्ष व सावेज शाह निवासी माजरा थाना पटेल नगर देहरादून उम्र 27 वर्ष को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।

About Author