March 24, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

एसएसपी की दो टूक, शिक्षा की आड़ में माहौल खराब करने वाले जाएंगे जेल

देहरादून: प्रेमनगर व क्लेमेनटाउन क्षेत्र में शिक्षा की आड़ में मारपीट व हुड़दंग मचाने वाले हुड़दंगियों से अब पुलिस सख्ती से निपटेगी। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शिक्षा की आड़ में लोग माहौल खराब करेंगे उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए। सोमवार रात प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद मंगलवार को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में वृहद स्तर पर चेकिंग व सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने हास्टल व पीजी में रहने वाले कालेज के छात्र-छात्राओं के सत्यापन की कार्यवाही की गई।

अभियान के दौरान सभी पीजी व हास्टल संचालकों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों में रहने वाले सभी छात्र व छात्राओं का शत प्रतिशत सत्यापन कराने, गैर प्रांत के रहने वाले छात्र-छात्राओं का उनके मूल स्थान से भी चरित्र सत्यापन करवाकर उपलब्ध करवाने, पीजी व हास्टल में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी व्यक्ति को पीजी व हास्टल में प्रवेश न करने देने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा हास्टल व पीजी में निवासरत छात्र-छात्राओं के नशे व अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त मिलने पर उनके साथ-साथ संबंधित हास्टल व पीजी के संचालकों व मालिकों के विरूद्ध भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस दौरान अपने प्रतिष्ठानों में रहने वाले छात्र-छात्राओं का सत्यापन न कराने वाले 08 संचालकों के चालान कर उनसे 80 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने प्रेमनगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाते हुए ट्रिपल राइडिंग, रैश ड्राइविंग, ओवर स्पीडिंग करने वाले नव युवकों के विरूद्ध कार्रवाई की। चेकिंंग के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने, मुख्य मार्गों पर बेतरतीब तरीके से वाहनों को खडा कर आवागमन बाधित करने वाले 52 वाहन चालको के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई और 16 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस की ओर से प्रेमनगर, पौंधा, नन्दा की चौकी आदि क्षेत्रों में होटल, रेस्टोरेंट व ढाबों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सभी होटल, रेस्टोरेंट व ढाबा संचालकों को निर्धारित समयावधि के बाद अपने प्रतिष्ठानों का संचालन न करने तथा अपने प्रतिष्ठानों में किसी भी व्यक्ति को शराब का सेवन न करने देने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही किसी भी प्रतिष्ठान में शराब व अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से संबंधित शिकायत पर प्रतिष्ठान स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

75 संदिग्ध छात्रों को पूछताछ के लिए लाया गया थाने

अभियान में दौरान पुलिस की ओर से मौके पर पहचान संबंधी दस्तावेज न दिखा पाने और बिना सत्यापन के रह रहे 75 संदिग्ध छात्रों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जिनसे आवश्यक पूछताछ करते हुए उनके सत्यापन की कार्रवाई की गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि में लिप्त न रहने की सख्त हिदायत दी गई, इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने वाले 24 व्यक्तियों के पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान किए गए।

About Author