April 25, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

इंसानियत की मिसाल बने एसएसपी, कुर्सी छोड़ चलने में असमर्थ बुजुर्ग तक पहुंचे

देहरादून : पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण शनिवार को उस समय देखने को मिला, जब 84 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उम्र और शारीरिक असमर्थता के कारण वह कार्यालय के भीतर नहीं जा सके, लेकिन उनकी यह परेशानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने खुद समझी और तुरंत मानवीय पहल करते हुए उनके पास पहुंच गए।

दिनांक 24 अप्रैल 2026 को उक्त बुजुर्ग व्यक्ति एसएसपी से मिलने पुलिस कार्यालय पहुंचे थे। जैसे ही एसएसपी दून को यह जानकारी मिली कि बुजुर्ग व्यक्ति चलने-फिरने में असमर्थ हैं, उन्होंने बिना देर किए अपने कार्यालय से बाहर निकलकर सीधे उस वाहन के पास पहुंचकर उनसे मुलाकात की, जिसमें वह बैठे हुए थे। एसएसपी ने बेहद संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्या को सुना और पूरी गंभीरता से उसका संज्ञान लिया
बुजुर्ग व्यक्ति ने बताया कि वह अपने निवास स्थान पर अकेले रहते हैं और उन्हें कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसके समाधान के लिए उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। एसएसपी ने मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना बसंत विहार के प्रभारी को निर्देशित किया कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और इसकी गहन जांच कर संबंधित अभियुक्त के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही एसएसपी दून ने थाना प्रभारी को यह भी निर्देश दिए कि वह व्यक्तिगत रूप से बुजुर्ग व्यक्ति से संपर्क स्थापित करें और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें। इतना ही नहीं, समय-समय पर उनके घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस पहल ने न केवल बुजुर्ग व्यक्ति को राहत और भरोसा दिया, बल्कि यह भी साबित किया कि दून पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस की यह मानवीय पहल आमजन में विश्वास को और मजबूत करने वाली है।

About Author