गांव की पगडंडियों पर घूमकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने याद किए पुराने दिन, बच्चों व बड़ों के साथ खिंचवाई फ़ोटो

यमकेश्वर: अपने गांव पंचूर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह गांव की पगडंडियों का भ्रमण किया। योगी उन जगहों पर घूमे जहां उन्होंने बचपन के दिन बिताए थे। इस दौरान गांव के बच्चों व बड़ो ने योगी के साथ फोटो भी खिंचवाई। गांव के पुराने लोगों को उन्होंने नाम लेकर पुकारा और बातचीत की। योगी आदित्यनाथ गांव भ्रमण के दौरान कई जगह रुके। उन्होंने बचपन की यादों को ताजा किया। सभी से उन्होंने मुस्कुराकर मुलाकात की और अभिवादन स्वीकार किया।
योगी के सबसे छोटे भाई महेंद्र महायोगी गुरु गोरक्षनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में कार्यरत हैं। महेंद्र के पुत्र अनंत के मुंडन संस्कार के लिए ही योगी आदित्यनाथ अपने गांव आए हुए हैं। आज बुधवार को बच्चे के बाल लिए जाने के बाद गांव वालों के लिए भोज का आयोजन किया गया है। जिसमें योगी भी शामिल होंगे।




