देश विदेश

उपलब्धि : पौड़ी गढ़वाल के पैठाणी निवासी अंकित ने राष्ट्रीय खेलों में जीता स्वर्ण पदक, मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री ने होनहार को दी बधाई

देहरादून : गोवा में चल रहे राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के अंकित कुमार ने दस किलोमीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। अंकित ने 29 मिनट 51 सेकेंड में दौड़ पूरी कर नया रिकार्ड बनाया। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षामंत्री धन सिंह रावत ने उन्हें बधाई दी है। अंकित पौड़ी गढ़वाल के पैठाणी स्थित बनास गांव के निवासी है। 

इससे पहले भी वह कई राष्ट्रीय पदक अपने नाम कर उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर चुके हैं। इस सूचना के बाद से उनके रिश्तेदारों और पड़ोसियों की ओर से उनके घर पर बधाइयां देने वालों की लाइन लगी है। साथ ही इंटरनेट मीडिया पर भी उनको बधाईयां दी जा रही हैं। वर्ष 2020 में 12वीं करने के बाद अंकित की रुचि खेलों की ओर हुई। इसके बाद अंकित ने दून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज में प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया। राष्ट्रीय खेलों से पूर्व अंकित ने गुवाहटी में आयोजित क्रास कंट्री रेस में प्रतिभाग कर रजत पदक प्राप्त किया था। 

मुख्यमंत्री धामी ने भी पोस्ट शेयर करते हुए जीत की खुशी व्यक्त की है। सीएम ने इसके साथ ही उत्तराखंड ओलिंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह को भी बधाई दी। उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में कुल तीन स्वर्ण पदक जीत चुका है। हाल ही में एथलीट सूरज पंवार ने 20 किमी वाक रेस और निखिल भारती ने पेंचकसिलाट में स्वर्ण पदक जीता है। इस बार हो रहे राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन रहा है। 2022 में गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को एक ही स्वर्ण पदक जीतकर संतुष्ट रहना पड़ा था। लेकिन अब और अधिक स्वर्ण पदक की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button