March 14, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

किन्नरों ने पुलिसकर्मियों के साथ की मारपीट, बीच सड़क पर किया नग्न प्रदर्शन, थाने में किया हंगामा

देहरादून: शनिवार देर रात किन्नरों ने राजपुर रोड पर खूब हंगामा मचाया। पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आमजन के साथ मारपीट की। काफी देर तक बीच सड़क पर नग्न प्रदर्शन करते हुए यातायात बाधित रखा। पुलिस जब उन्हें राजपुर थाने ले गई तो वहां भी उन्होंने हंगामा करते हुए वाहनों के साथ तोडफोड़ की। पुलिस ने चार किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शनिवार रात को राजपुर थाना पुलिस मसूरी डायवर्जन पर पिकेट लगाकर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि ओल्ड मसूरी रोड पर एक वाहन ने कई वाहनों को टक्कर मार दी है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन को रोका। वाहन से अचानक चार किन्नर उतरे और हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान किन्नर नग्न होकर आने जाने वाले वाहनों को रोककर यातायात व्यवस्था को बाधित करने लगे। वाहन सवार लोगों ने जब किन्नरों का विराेध किया तो किन्नरों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी।

पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो किन्नरों ने ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी काम में बाधा डालने का प्रयास किया गया और पिकेट में लगे बैरियर को बीच सड़क पर गिरा दिया। हंगामे के कारण काफी समय तक यातायात बाधित रहा। कुछ समय बाद सभी किन्नर राजपुर थाना पहुंचे और वहां हंगामा करते हुए थाने में खड़े वाहनों व अन्य सामग्री को क्षतिग्रस्त कर दिया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपित अलीना खान, सना खान, खुशी व एलेक्सा सभी निवासी कारगी चौक पटेलनगर के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने संबंधी अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

About Author