देहरादून: राजधानी देहरादून में हत्याओं का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। नेहरु कालोनी क्षेत्र में तीन दोस्तों ने मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद फिल्मी स्टाइल में शव को हरिद्वार क्षेत्र में ठिकाने लगा दिया। हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस शव की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक पोक्सो एक्ट में आरोपी दिगंबर धीमान 09 फरवरी को अपने पिता के साथ देहरादून कोर्ट में पेशी पर पहुंचा था। उसने कोर्ट रजिस्टर में हस्ताक्षर भी किए, लेकिन उस दिन उसके बयान दर्ज नहीं हो सके। शाम को कोर्ट से निकलते वक्त उसने अपने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वह थोड़ी देर में पहुंच जाएगा। इसके बाद वह रात तक भी घर नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार दिगंबर कोर्ट से निकलने के बाद वह रेसकोर्स क्षेत्र स्थित गड्ढा कॉलोनी के पास अपने तीन दोस्तों के साथ बैठा। चारों ने साथ में शराब पी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी दौरान आपसी कहासुनी शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि झगड़े के बीच एक दोस्त ने बेसबॉल बैट से दिगंबर के सिर पर वार किया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद घबराए तीनों दोस्त शव को वाहन में डालकर हरिद्वार की ओर ले गए और वहां ठिकाने लगा दिया।
11 फरवरी को दर्ज हुई मिसिंग रिपोर्ट
दिगंबर के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 11 फरवरी को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करने पर हत्या का मामला सामने आया। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों संदिग्ध दोस्तों की लोकेशन ट्रेस कर ली गई है। जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद किया जाएगा।
नाबालिग यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपीत है युवक
मृतक दिगंबर धीमान वर्ष 2021 में थाना वसंत विहार क्षेत्र में दर्ज नाबालिग यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी था और उसी सिलसिले में 9 फरवरी को कोर्ट पहुंचा था। जिसके बाद युवक घर से दोस्तों के साथ पार्टी के लिए निकला था। युवक की मौत के बाद से ही उसके परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

More Stories
गंगा घाट पर डूबा IIT रुड़की का छात्र, सर्चिंग में जुटी SDRF, सेनानायक ने संभाली कमान
प्रापर्टी डीलर, रियल एस्टेट एजेंट एवं ब्रोकर का होगा सत्यापन, डीजीपी का कड़ा रुख
प्लेन से आए, हरिद्वार से भाड़े से बाइक ली, देहरादून पहुंचकर की हत्या, दो की हुई पहचान