देश विदेश

अपर मुख्य सचिव ने पिस्टल प्रशिक्षण लेने वाली महिला होमगार्ड स्वंयसेवकों को दिए प्रशस्तिपत्र, कहा विभाग पुलिस के साथ यातायात, कानून व्यवस्था व शांति व्यवस्था बनाने में दे रहा बड़ा योगदान

देहरादून: प्रदेश में पहली बार होमगार्ड विभाग की महिला होमगार्ड स्वयंसेवकों को पिस्टल का प्रशिक्षण देने को अपर मुख्य सचिव ने विभाग के कमांडेंट जनरल केवल खुराना का सराहनीय कदम बताया। कहा कि सशस्त्र प्रशिक्षण किसी भी जवान के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। इससे उसकी व्यक्तित्व विकास एवं क्षमता वर्धन में सहायता मिलती है, जिससे वह आत्मविश्वास के साथ बेहतर ड्यूटी का निर्वहन करते हैं। साथ ही कहा कि होमगार्ड विभाग आज निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते हुए पुलिस के साथ यातायात एवं कानून व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ प्रदेश में शांति व्यवस्था को स्थापित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

होमगार्ड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य तौर पर पहुंची अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने राज्य में पहली बार महिला होमगार्ड स्वयंसेवकों को पिस्टल प्रशिक्षण तथा फायरिंग अभ्यास के अंतर्गत 40 महिला स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र वितरित किए। प्रशिक्षण में हरिद्वार की महिला होमगार्ड वर्तिका शर्मा ने प्रथम, शगुफ्ता ने द्वितीय और सोनिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विभाग की ओर से केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान थानो में तीन से 15 अक्टूबर तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि होमगार्ड विभाग नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, जिसमें मस्का बाजा बैंड, हेल्प डेस्क का गठन एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए पहल एप बनाना विभाग में एक उत्कृष्ट कार्य है। इस दौरान उन्होंने अनआर्म्ड कोंबेट प्रशिक्षण हाल का उद्घाटन किया। अनआर्म्ड कोंबेट में 29 पुरुष तथा महिला होमगार्ड स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण चलाया जा रहा है।

कमांडेंट जनरल केवल खुराना ने बताया कि होमगार्ड विभाग ने अपना स्वयं का विभागीय बैंड मस्काबाज आइटीबीपी के प्रशिक्षकों की सहायता से अत्यंत अल्प अवधि में तैयार किया गया है। चारों धामों एवं हरिद्वार की हर की पैड़ी सहित अन्य जनपदों की पर्यटक स्थलों में आए वृद्ध असहाय एवं दिव्यांगजनों की सहायता के लिए राज्य में पहली बार होमगार्ड हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, जिसकी श्रद्धालुओं की ओर से प्रशंसा की जा रही है। इस अपर मुख्य सचिव ने विभागीय काफी टेबल बुक का अनावरण किया। काफी टेबल बुक में विभाग के अस्तित्व में आने से लेकर अब तक घटनाक्रम का चित्रों के माध्यम से बहुत सुंदर वर्णन किया गया है। इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट जनरल होम गार्ड्स अमिताभ श्रीवास्तव, राजीव बालोनी, जिला कमांडेंट देहरादून राहुल सचान, जिला कमांडेंट होमगार्ड चमोली श्यामेंद्र एवं अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button