अपराध

ज्वेलर्स लूट का बदमाश दिल्ली से गिरफ्तार, 25 हजार रुपये था इनाम, लंबे समय से चल रहा था फरार

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने देहरादून के प्रेमनगर में ज्वेलरी शोरूम में लूट की घटना को अंजाम देने वाले व ज्वेलर्स पर फायर करने वाले इनामी बदमाश को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया बदमाश करण शिवपुरी गैंग का सदस्य है, जोकि दिल्ली के एक गैंग को हथियारों की सप्लाई करता था। बदमाश की पहचान शिवेंद्र सिंह दहिया उर्फ शिव्वी निवासी बाजार पाना कराला थाना कंझावाला, दिल्ली के रूप मे हुई है।

एसटीएफ की टीम की ओर से दिल्ली से गिरफ्तार बदमाश शिवेंद्र सिंह दहिया।

एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि सात अक्टूबर 2019 को दो अज्ञात व्यक्ति प्रेमनगर स्थित ज्वेलर्स देवेंद्र कुमार के शोरूम में पहुंचे और गहने दिखाने को कहा। उनकी संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए देवेंद्र कुमार ने सोना दिखाने को मना कर दिया। बदमाशों ने ज्वेलर्स की कनपटी पर पिस्टल रखा और लाकर खोलने को कहा। ज्वेलर्स ने जब लाकर खोलने में आनाकानी की तो बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। इस दौरान ज्वेलर बाल-बाल बच गया।

बदमाशों ने लाॅकर से करीब डेढृ किलो सोना और दो लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इस मामले में थाना प्रेमनगर में लूट व हत्या के प्रयास के तहत बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान घटना में शामिल कुख्यात डकैत करण शिवपुरी और सोनू यादव निवासी दिल्ली को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था। दोनों की गिरफ्तारी के समय बदमाशों से करीब आधा किलो सोना बरामद किया गया था। लूट में करण शिवपुरी व सोनू यादव के अलावा उनकी मदद करने वाले सूर्यप्रकाश सोनी, सतीश कुमार, सुमित यादव को भी पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

करण शिवपुरी का राइट हेंड है शिवेंद्र उर्फ शिव्वी

एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि लूट की घटना में फरार चल रहे करण शिवपुरी के राइट हेंड शिवेंद्र उर्फ शिव्वी की तलाश में एसटीएफ लंबे समय से तलाश कर रही थी मौजूदा समय में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि लूटा हुआ सोना उन्होंने अपने साथी शिवेंद्र सिंह दहिया को दिया था। इसी बीच सूचना मिली कि वह दिल्ली में नरेला क्षेत्र में छिपा हुआ है। तत्काल एक टीम अबुल कलाम, एसआइ धर्मेंद्र रौतेला की देखरेख में दिल्ली भेजी गई, जहां शुक्रवार को टीम ने उसे नरेला बाजार, जिला उत्तरी दिल्ली से गिरफ्तार किया।

दिल्ली कोर्ट में करता है वकालत, करने लगा हथियारों की सप्लाई

पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह पेशे से वकील है तथा दिल्ली कोर्ट में वकालत का काम करता है, जिसके चलते वह दिल्ली का कुख्यात नीरज बवाना गैंग के साथ-साथ अन्य गिरोह के संपर्क में आ गया। वकील होने के कारण कोई उस पर शक नहीं करता था। वह ऐसे कुख्यात बदमाशों को हथियार सप्लाई करना और उनके की ओर से लूटे गए सोना और कीमती सामान को खरीदने-बेचने का काम करने लगा। शिवेंद्र सिंह दहिया को वर्ष 2018 के दौरान दिल्ली के कराला थाना पुलिस ने पांच पिस्टल व 600 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button