देहरादून। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने सोमवार को पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। बैठक में जनपद में घटित अपराधों, उनके अनावरण, लंबित विवेचनाओं तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की सर्किलवार समीक्षा की गई। आईजी ने गंभीर अपराधों के खुलासे के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी क्षेत्राधिकारियों को नियमित रूप से थानों का निरीक्षण कर विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान आईजी ने जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” की सराहना की और अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यालय और रेंज स्तर से संचालित विशेष अभियानों में भी सक्रियता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आईजी ने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर बल दिया। बैठक में इनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की समीक्षा भी की गई।
आईजी ने ऐसे अपराधियों की धरपकड़ के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा। आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, फड़-ठेली संचालकों और बागानों में कार्यरत मजदूरों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप व एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

More Stories
बडोवाला में बैंककर्मी पर दबंगों ने झोंका फायर, गोली कर्मी के पेट को छूकर निकली
रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में ED की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नवीन मित्तल को दबोचा
फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का पर्दाफाश, STF ने गन हाउस के मालिक को किया गिरफ्तार