अपराध

स्कूल बिल भुगतान के बदले मांगी घूस, शिक्षा अधिकारी 01 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

देहरादून: सतर्कता विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम द्वारा की गई।

सतर्कता सेक्टर देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में आरोपी धनवीर सिंह बिष्ट, जोकि वर्तमान में उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला के पद पर तैनात था, पर रिश्वत मांगने का आरोप था।
शिकायतकर्ता की ओर से सतर्कता विभाग को दी गई शिकायत में बताया गया था कि गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के अंतर्गत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति (रिइम्बर्समेंट) के बिलों के भुगतान के एवज में आरोपी अधिकारी द्वारा 1,00,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।

ट्रैप के दौरान आरोपी धनवीर सिंह बिष्ट को शिकायतकर्ता से 01 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस दौरान उसके साथ मौजूद अभियुक्ता पुष्पांजलि, पत्नी पंकज शर्मा, निवासी डालनवाला देहरादून, जो वर्तमान में स्वामी उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल गुमानीवाला ऋषिकेश से जुड़ी है, को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सतर्कता विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले में पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस प्रकरण में अन्य कोई व्यक्ति या अधिकारी संलिप्त तो नहीं है। साथ ही संबंधित दस्तावेजों को भी कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत सतर्कता विभाग को दें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button