
देहरादून: ऋषिकेश में शराब तस्करों की ओर से यूट्यूबर की मारपीट के मामले में एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई कर दी है। उन्होंने दो चीताकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया है कि घटना की सूचना पाकर चीताकर्मी मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन उन्होंने घटना को रोकने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इससे पहले घटना को लेकर एसएसपी की ओर से ऋषिकेश व रायवाला थाने में तैनात 37 पुलिसकर्मियों को तबादला किया जा चुका है। यह पुलिसकर्मी लंबे समय से दोनों थानों में जमे हुए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि एक सितंबर को ऋषिकेश के इन्द्रा नगर में हुई घटना की जांच के दौरान घटना की प्रारंभिक सूचना पर चीताकर्मी सिपाही अमित राणा व विश्वास घटनास्थल पर पहुंच चुके थे। इस दौरान गाली गलौच की जा रही थी। चीता पुलिसकर्मियों ने घटना को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए और अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही दिखाई। दोनों सिपाहियों की लापरवाही सामने आने पर सिपाही अमित राणा व विश्वास को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है




