देहरादून: देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टोंस नदी पर नव-निर्मित पुल के एप्रोच रोड का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के मामले को उत्तराखंड शासन ने गंभीरता से लिया है। शासन ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता को तत्काल प्राथमिक जांच कराने और तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मामले को जनहित और लोक सुरक्षा से जुड़ा बताते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखंड शासन के सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय की ओर से 28 जुलाई 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों से यह जानकारी सामने आई है कि देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टोंस नदी पर बने नए पुल के एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला अत्यंत गंभीर प्रतीत होता है और इससे आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
शासन ने मुख्य अभियंता, क्षेत्रीय कार्यालय, लोक निर्माण विभाग देहरादून को निर्देशित किया है कि पूरे प्रकरण की प्राथमिक जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही घटना से जुड़े सभी तथ्य, अभिलेखीय साक्ष्य और जांच आख्या तैयार कर तीन दिन के भीतर शासन को उपलब्ध कराई जाए। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील होने के कारण किसी भी प्रकार का विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
शासन के निर्देश के बाद अब लोक निर्माण विभाग की ओर से तकनीकी जांच शुरू किए जाने की तैयारी है। जांच के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, डिजाइन, निर्माण एजेंसी की भूमिका तथा एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के कारणों की पड़ताल की जाएगी। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या तकनीकी खामी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि टोंस नदी पर बना यह पुल देहरादून और पांवटा साहिब के बीच आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने की सूचना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। अब सभी की नजर शासन द्वारा मांगी गई जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

More Stories
लापरवाही: नंदा की चौकी का नया पुल धंसा, पहली ही बारिश नहीं झेल पाया 16 करोड़ से बना पुल
कांवड़ मेला 2026: 03 जिलों की पुलिस बल को किया ब्रीफ, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात पर जोर
देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना: नहीं कटेंगे पेड़, सीएम ने दिए संवाद के निर्देश