April 11, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

खाना खाने के बाद धूमने निकले DIT के दो छात्र, बुलेट पेड़ से टकराने से गई दोनों की जान

देहरादून: सहस्त्रधारा रोड पर बुलेट पेड़ से टकराने से डीआइटी के दो छात्रों की मृत्यु हो गई। दोनों छात्र देर रात धौरणपुल से आइटी पार्क की तरफ जा रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने दोनों को बचाने का पूरा प्रयास किया लेकिन दोनों को बचाया नहीं सका। पुलिस के अनुसार देव कुमार उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम कुमार थाना सिकंदरा जिला जमुई पटना विहार व रोनित विश्वास उम्र 19 वर्ष निवासी दीमापुर नगालैंड डीआइटी से बी फार्मा कर रहे थे।

मंगलवार देर रात वह खाना खाने के बाद बुलेट से धौरणपुल की तरफ से आइटी पार्क की ओर जा रहे थे। आइटी पार्क से पहले आदर्श एन्क्लेव गेट के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में जाकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलाें को एंबुलेंस से मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने देव कुमार को मृत घोषित कर दिया वहीं रोनित विश्वास के सिर और पैर में गंभीर चोट होने के चलते इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। बुधवार प्रात: इलाज के दौरान रोनित ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार डीआइटी के चार छात्र मंगलवार देर रात खाना खाने के बाद दो बाइकों पर घूमने के लिए निकले थे। एक बुलेट पर दो युवक आगे चल रहे थे जबकि दूसरे बुलेट पर देव कुमार व रोनित विश्वास पीछे-पीछे चल रहे थे। इस बुलेट को देव कुमार चला रहा था। आदर्श एन्क्लेव गेट के पास रोनित ने दूसरी बाइक को ओवरटेक किया, लेकिन मोड होने के चलते वह वाहन को संभाल नहीं पाया और बुलेट तेजी से पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने घायलों दोनों युवकों को बचाने का पूरा प्रयास किया और तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।

About Author