देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बसों में अब म्यूजिक सिस्टम नहीं चल सकेगा। बसों में म्यूजिक सिस्टम चलाने वाले ड्राइवर व कंडक्टर पर कार्रवाई होगी। इस संबंध में निगम मुख्यालय ने सभी डिपो के सहायक महाप्रबंधकों, मंडल प्रबंधकों को पत्र भेजा है। किसी भी बस में म्यूजिक सिस्टम लगा पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन निगम की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, रोडवेज बसों में म्यूजिक सिस्टम लगा होने की वजह से यात्रियों को बस से उतरते समय बस रुकवाने के लिए काफी परेशानी होती है। ड्राइवर और कंडक्टर को यात्रियों का अनुरोध सुनाई ही नहीं देता। यात्रा के दौरान यात्री को मोबाइल के इस्तेमाल में भी परेशानी पेश आती है। निगम ने यह भी माना है कि म्यूजिक सिस्टम लगा होने से ड्राइवर-कंडक्टरों का ध्यान यात्रियों को बैठाने पर कम रहता है।
कई ड्राइवर और कंडक्टर ईयर फोन लगाकर भी म्यूजिक सुनते हैं। इससे यात्रियों को परेशानी होती है। इन सभी पहलुओं को देखते हुए म्यूजिक सिस्टम या ईयर फोन से म्यूजिक सुनने पर सख्त रोक लगाई गई है। परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन एवं तकनीकी दीपक जैन ने कहा कि 27 दिसंबर 2016 और इसके बाद से वैसे कई बार पत्र भेजकर म्यूजिक सिस्टम पर रोक की जानकारी दी गई है, लेकिन आधिकारिक स्तर पर भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

More Stories
गजब: पौड़ी जिले में प्रधान प्रत्याक्षी को पत्नी-बच्चों ने भी नहीं दिया वोट, 01 वोट पर सिमटे
पहली बार महिला दारोगाओं के हाथ राजधानी की तीन चौकी की कमान, DGP के निर्देश का कप्तान ने लिया तत्काल संज्ञान
उत्तराखंड में खुलेंगे इन शहरों में खुलेंगे 04 नए केंद्रीय विद्यालय, कैबिनेट ने दी मंजूरी